शिखर संवाद ब्यूरो-
BJP 47th Foundation Day : भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के पावन अवसर पर जनपद बदायूं में 'अंत्योदय से राष्ट्रोदय' के संकल्प के साथ भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित इस समारोह में जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता,सदर विधायक, महेश चंद्र गुप्ता और जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वर्षा यादव सहित वरिष्ठ नेताओं ने ध्वजारोहण कर पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के निर्माण हेतु प्रतिबद्धता दोहराई गई।
पार्टी कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भाजपा आज अपने त्याग, तपस्या और निःस्वार्थ सेवा के बल पर विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि अंत्योदय से राष्ट्रोदय के संकल्प को लेकर भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता कार्य कर रहा है। आगामी समय में पार्टी को निरंतर ऊंचाइयों पर ले जाना पार्टी का लक्ष्य है। सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि करोड़ों कर्मठ कार्यकर्ताओं के समर्पण से ही आज संगठन इस गौरवशाली मुकाम पर पहुंचा है। उन्होंने पार्टी की नींव रखने वाले महापुरुषों को नमन करते हुए सेवा ही संगठन के मंत्र पर जोर दिया। समारोह में पूर्व विधायक धर्मेंद्र कश्यप, राष्ट्रीय परिषद सदस्य श्री हरप्रसाद सिंह पटेल और पूर्व चेयरमैन श्रीमती दीपमाला गोयल ने भी अपने विचार साझा किए। नेताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अल्पसंख्यकों के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत करने के संकल्प के साथ अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य श्री मनोज मसीह ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के दौरान एमएलसी प्रतिनिधि श्री शारदेन्दु पाठक सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पार्टी का झंडा फहराकर एकजुटता का प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने जोर दिया कि आगामी समय में पार्टी का लक्ष्य न केवल चुनावी जीत सुनिश्चित करना है, बल्कि सेवा के संकल्प को साकार करते हुए एक 'विकसित भारत' की नींव को और सुदृढ़ करना है। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से जुटे रहेंगे। अंत में, सभी समर्पित कार्यकर्ताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन हुआ।

0 टिप्पणियाँ